वीर सावरकर जयंती: सीएम विष्णुदेव साय ने निवास कार्यालय में दी श्रद्धांजलि, कहा- ‘वे राष्ट्रचेतना और साहस के प्रखर प्रतीक थे’
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में महान क्रांतिकारी, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता के प्रतीक थे वीर सावरकर: सीएम साय
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने वीर सावरकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे केवल स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रचेतना, साहस और सामाजिक जागरण के प्रखर प्रतीक थे। उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए अपना संपूर्ण जीवन संघर्ष और तपस्या में समर्पित कर दिया। कठिन परिस्थितियों और कालेपानी जैसी क्रूर यातनाओं के बावजूद उनका राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत संकल्प कभी डगमगाया नहीं।
मुख्यमंत्री ने सावरकर के सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए आगे कहा कि:
“वीर सावरकर ने समाज में व्याप्त छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ भी मुखर होकर आवाज उठाई। उन्होंने सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का सतत प्रयास किया। उनकी लेखनी, विचार और कर्म आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित, आत्मगौरव और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।”
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत
सीएम साय ने कहा कि वीर सावरकर अपने विचारों से आज भी हमारी युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। हमें उनके आदर्श पथ पर अग्रसर होते हुए एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
यह नेता भी रहे उपस्थित: इस गरिमामय अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा भी उपस्थित थे। उन्होंने भी वीर सावरकर के चित्र पर सूत की माला और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
