CM विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार विक्रम यादव के स्वास्थ्य का लिया जायजा: परिजनों से फोन पर की बात, बेहतर इलाज के निर्देश
रायपुर:
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार और प्रख्यात बांस वादक श्री विक्रम यादव के परिजनों से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके समुचित उपचार और आवश्यक सहयोग के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
राजनांदगांव कलेक्टर को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री श्री साय ने राजनांदगांव कलेक्टर से फोन पर बात कर श्री विक्रम यादव के उपचार की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए और सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
“छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर हैं विक्रम यादव”
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उल्लेखनीय है कि अस्वस्थ होने के कारण श्री विक्रम यादव का इलाज वर्तमान में राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
