छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोकड़ा की ऐतिहासिक रथयात्रा में निभाई गजपति महाराजा की परंपरा, खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ
रायपुर/जशपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के ग्राम दोकड़ा में आयोजित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ मिलकर परंपरागत गजपति महाराजा की भूमिका निभाई। सीएम साय ने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
सोने की झाड़ू से निभाई ‘छेरा पहरा’ की पावन परंपरा
मुख्यमंत्री श्री साय ने रथयात्रा की सबसे पवित्र और प्राचीन परंपरा ‘छेरा पहरा’ का निर्वहन किया। उन्होंने सोने की झाड़ू से भगवान के रथ के आगे के मार्ग को प्रतीकात्मक रूप से साफ किया और चंदन मिश्रित पवित्र जल का छिड़काव किया। इसके बाद उन्होंने हजारों श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर इस भव्य रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा दोकड़ा क्षेत्र “जय जगन्नाथ” के जयघोष, शंखध्वनि और हरिनाम संकीर्तन से गूंज उठा।
1942 से चली आ रही है दोकड़ा की गौरवशाली परंपरा
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोकड़ा की ऐतिहासिक रथयात्रा आस्था, संस्कृति और सनातन परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1942 से चली आ रही यह गौरवशाली परंपरा आज भी जनआस्था को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्री जगन्नाथ से प्राचीन और आत्मीय संबंध है, और देवभोग का चावल आज भी पुरी के महाप्रसाद में उपयोग किया जाता है।
जशपुर को मिलेगी मेडिकल कॉलेज और रेल नेटवर्क की सौगात
इस ऐतिहासिक मंच से मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि:
-
रेल नेटवर्क: जशपुर जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए धरमजयगढ़-लोहरदगा रेल परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है।
-
मेडिकल कॉलेज: जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति से स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति आएगी।
-
जनकल्याणकारी योजनाएं: प्रदेश में अब तक 11 लाख से अधिक पीएम आवास पूर्ण हो चुके हैं और महतारी वंदन योजना की 29 किस्तें जारी की जा चुकी हैं।
-
बिजली उपभोक्ताओं को राहत: बिजली उपभोक्ताओं के लिए सरचार्ज माफी योजना की अवधि तीन माह और बढ़ा दी गई है।
ओडिशा की कीर्तन मंडलियों ने बांधा समां
रथयात्रा महोत्सव के दौरान ओडिशा से आई प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों ने ढोल, मृदंग, झांझ और शंखध्वनि के बीच समां बांध दिया। इस भव्य आयोजन में पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा सहित श्री जगन्नाथ मंदिर आयोजन समिति के सदस्य और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
