सीएम हाउस घेराव: युवा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, वाटर कैनन और गिरफ्तारियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करते हुए बेरोजगारी, नशे के व्यापार, लचर कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कई युवा नेताओं को हिरासत में ले लिया।
भूपेश बघेल का सरकार पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता की स्थिति है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो वादे सरकार ने किए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने बलौदा बाजार की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि असली दोषियों को पकड़ने की बजाय कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं को जेल में डाला जा रहा है।
युवाओं ने किया सवाल, कांग्रेस ने दिखाया दम
सभा को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कांग्रेस ने ऐलान किया कि प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार को घेरा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल में अपराध चरम पर हैं। रायपुर में सुरक्षा की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि सेंट्रल जेल के सामने गोलीबारी हो रही है। कवर्धा में पुलिस द्वारा आम जनता की पिटाई से मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं।
कांग्रेस पर पलटवार, किरण सिंह देव बोले- मुद्दा विहीन है कांग्रेस
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस के प्रदर्शन को “कंफ्यूज और मुद्दा विहीन” करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आंतरिक कलह और गैंगवार से जूझ रही है। प्रदर्शन के अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं, जिससे उनकी स्थिति और कमजोर हो रही है।
युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में यह टकराव और बढ़ने की संभावना है।
