सक्ती राजपरिवार विवाद में झड़प, डॉ. शिल्पा सिंह घायल; मौके से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

सक्ती, 26 जून 2025 सक्ती राजपरिवार की संपत्ति को लेकर वर्षों से चल रहा विवाद बुधवार को हिंसक रूप ले बैठा। प्रतिष्ठित पिला राज महल परिसर में राजा धर्मेंद्र सिंह और रानी गीता राणा सिंह के समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसमें डॉ. शिल्पा सिंह (धर्मेंद्र सिंह की पत्नी) सहित कई लोग घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस और हथियार बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जो अब घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।

डॉ. शिल्पा सिंह का आरोप

डॉ. शिल्पा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रानी गीता राणा सिंह के निर्देश पर करीब दो दर्जन लोग महल की दीवार फांदकर जबरन भीतर घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार कर संपत्ति पर कब्जे की कोशिश की गई।

कोर्ट में लंबित है संपत्ति विवाद

उल्लेखनीय है कि सक्ती राजपरिवार की संपत्ति को लेकर विवाद वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन है। राजा धर्मेंद्र सिंह, स्व. राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह के दत्तक पुत्र हैं, और संपत्ति के कानूनी अधिकार को लेकर मतभेद लंबे समय से चला आ रहा है।

पुलिस कार्रवाई जारी

सक्ती थाने में डॉ. शिल्पा सिंह की लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है, और घटनास्थल पर मौजूद संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरे घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। राजसी विरासत से जुड़ा यह विवाद अब कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पुलिस द्वारा की जा रही आगामी कार्रवाई पर आमजन और प्रशासन दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।