यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच मारपीट का वीडियो वायरल, डिलीवरी बॉय से पिटाई का आरोप

भिलाई। यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के बीच भिलाई में विवाद गहराता नजर आ रहा है। दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमन सिंह और उनके साथियों पर एक पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आता है, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट जारी रहती है।

घटना नेहरू नगर क्षेत्र की बताई जा रही है और मामला सुपेला थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

29 अगस्त की रात का बताया जा रहा मामला

शिकायत के अनुसार, डिलीवरी बॉय स्टील कॉलोनी, कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा डिलीवरी करने गया था।

वापस लौटने के दौरान रास्ते में उसे राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह दो बाइक पर जाते मिले। आरोप है कि युवकों ने डिलीवरी बॉय को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

करीब ढाई बजे डिलीवरी बॉय कैश जमा करने के लिए रुका। इसी दौरान चारों युवक वहां पहुंच गए। गाली देने की वजह पूछने पर विवाद बढ़ गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवकों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।

दोस्तों ने किया बीच-बचाव, उनके साथ भी मारपीट का आरोप

मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्त मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन कर मौके पर बुलाया। दोनों ने विवाद शांत कराने और बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

स्थिति बिगड़ने पर डिलीवरी बॉय और उसके दोनों दोस्त डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पहुंच गए। आरोप है कि पीछा करते हुए आरोपी वहां भी पहुंच गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट करने लगे।

कड़े से सिर पर चोट लगने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक के हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर पर चोट लगी। घटना के कुछ समय बाद नितिन सिंह का भाई अमन सिंह भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि अमन सिंह ने भी डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

डोमिनोज पिज्जा आउटलेट में लगे CCTV कैमरों में घटना रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। इसी घटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक के साथ कुछ लोग मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।

अमन सिंह पहले अहिवारा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं

अमन सिंह अहिवारा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे पहले अहिवारा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। फिलहाल दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद के लिए यूथ कांग्रेस के चुनाव में प्रत्याशी हैं। चुनावी माहौल के बीच सामने आए इस विवाद ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है।