रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन स्थित स्वर्गीय रजनी ताई उपासने के निवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने रजनी ताई के योगदानों को याद करते हुए शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
इस मौके पर पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, संतोष शर्मा, जगदीश उपासने सहित परिवारजन उपस्थित रहे।
समाज के लिए अपूरणीय क्षति
मुख्यमंत्री ने कहा कि रजनी ताई का निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आपातकाल के कठिन दौर में उनका साहस और धैर्य प्रेरणादायी रहा। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनता के हितों और रायपुर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
सादगी, ईमानदारी और समाज से गहरे जुड़ाव के कारण उन्हें विशिष्ट पहचान मिली। वे हमेशा महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज बुलंद करती रहीं।
ऐतिहासिक उपलब्धि
स्वर्गीय रजनी ताई उपासने का हाल ही में 92 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर वे रायपुर की पहली महिला विधायक बनीं। उस दौर में जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सीमित थी, तब जनता का विश्वास जीतना उनके साहस और संघर्ष का प्रतीक था।
मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
