रायपुर: चयन ट्रायल के बाद छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए 130 खिलाड़ी शॉर्टलिस्टेड, 8 अक्टूबर को होगा प्लेयर ड्राफ्ट

रायपुर (UPI24 News)। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले सीजन के लिए आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में संपन्न हो गया। इस ट्रायल में पंजीकृत कुल 373 खिलाड़ियों में से 223 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनके प्रदर्शन और खेल कौशल के मूल्यांकन के बाद 130 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव चयन ट्रायल के दोनों दिन स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए आयोजित चयन ट्रायल का सफल समापन राज्य की हॉकी प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि राज्य में हॉकी को लेकर अभूतपूर्व उत्साह मौजूद है। हमारी सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल और आगे बढ़ने के अवसर मिलें।”

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष श्री मनीष श्रीवास्तव और सचिव श्री फिरोज अंसारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

8 अक्टूबर को होगा ‘प्लेयर ड्राफ्ट’

चयन ट्रायल के बाद अब लीग के पहले सीजन के लिए टीम गठन की प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण सीएचएल प्लेयर ड्राफ्ट (CHL Player Draft) होगा।

रायपुर में 8 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले इस ड्राफ्ट में शॉर्टलिस्ट किए गए 130 खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इन खिलाड़ियों में से लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमें अपने-अपने खिलाड़ी दल का चयन करेंगी, जिसके बाद टीमों के अंतिम स्वरूप की घोषणा की जाएगी।