छत्तीसगढ़ में मानसून फिर मेहरबान: 2 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश
बीते 24 घंटों में 110 मिमी तक हुई बारिश; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, उफान पर अबूझमाड़ के नदी-नाले
रायपुर (UPI24 News)। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों से लगातार मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में कई इलाकों में 25 मिमी से लेकर 110 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर ने प्रदेश भर में अगले 2 दिनों के लिए भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट (Yellow/Orange Alert) जारी किया है।
रायपुर सहित कई जिलों में थमे नहीं बादल
बारिश की वापसी से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित होने लगी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के प्रभाव से अगले 48 घंटों तक प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
अबूझमाड़ में उफनती नदियां, संपर्क टूटा
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का सबसे ज्यादा असर दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर और अबूझमाड़ क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। बारिश के चलते इलाके की प्रमुख नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जिससे दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालयों से संपर्क पूरी तरह कट गया है।
कई जगहों पर उफनते नालों पर पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बहने के बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर इन्हें पार करने को मजबूर हैं। स्थानीय प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
