चौपाटी पर छत्तीसगढ़ सरकार का जश्न: खुशहाल एक साल

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सुशासन की दास्तान और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए “खुशहाल एक साल” इवेंट का आयोजन 19 दिसंबर को साइंस कॉलेज स्थित चौपाटी में किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं और राहगीरों के बीच बेहद लोकप्रिय साबित हुआ। शाम को चौपाटी घूमने आए युवाओं और परिवारों ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सड़क किनारे रुककर लोग छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं के बारे में जानने को उत्सुक दिखे। एनआईटी और साइंस कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ आम जनता ने भी टंग ट्विस्टर गेम्स, पासिंग द बॉल, और क्विज़ जैसे मजेदार खेलों का आनंद लिया।

कार्यक्रम में सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को बिहान के स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद और चौपाटी फ़ूड जोन के गिफ्ट वाउचर्स उपहार स्वरूप दिए गए। गीतों और पंपलेट के जरिए छत्तीसगढ़ की योजनाओं की जानकारी भी मनोरंजक अंदाज में साझा की गई।”खुशहाल एक साल” इवेंट ने न केवल सरकारी योजनाओं को समझने का मौका दिया, बल्कि युवाओं और परिवारों के लिए मनोरंजन का अनूठा मंच भी तैयार किया।