सीजीपीएससी पर घमासान: भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, रमन-साव ने लगाया पीएससी में धांधली का आरोप…
रायपुर, 21 सितंबर 2023: Politics on CGPSC Scam: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) के परिणामों को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में घमासान जारी है। भाजपा नेताओं के आरोपों को कांग्रेस ने स्तरहीन राजनीति करार दिया है।
रायपुर(राज्य ब्यूरो)। Politics on CGPSC Scam: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) के परिणामों को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में घमासान जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मामले में राज्य की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. सिंह ने कहा कि हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में मेरे खिलाफ कांग्रेस की फर्जी एफआइआर को खारिज करने और सभी मामले समाप्त करने का निर्णय दिया है।
दूसरा फैसला पीएससी के मामले में है। हाई कोर्ट ने न केवल कांग्रेस सरकार को फटकार लगाई, बल्कि पीएससी अध्यक्ष के रिश्तेदारों की नियुक्ति पर रोक लगा दी। पीएससी पारदर्शी प्रक्रिया में असफल रही है। छत्तीसगढ़ के लाखों युवाओं के भविष्य की बात है। आज स्पष्ट रूप से न्यायालय ने नाराजगी व्यक्त की। सरकार ने भ्रष्टाचार में पीएससी को भी नहीं छोड़ा। पैसों से पदों का लेनदेन किया गया। अधिकारियों का षड्यंत्र रहा। आश्चर्य होता है कि पीएससी अध्यक्ष के कई सारे रिश्तेदार का चयन डिप्टी कलेक्टर-डीएसपी के पद पर होता है। यह छत्तीसगढ़ को कलंकित करने वाला कारनामा है।
पीएससी घोटाले पर सरकार को तमाचा : साव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि पीएससी घोटाले पर हाई कोर्ट के निर्णय ने राज्य सरकार के गाल पर एक जोरदार तमाचा जड़ा है। मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग कर साव ने कहा कि प्रदेश के युवा और भाजपा लगातार इस घोटाले को लेकर आवाज उठा रही थी, लेकिन राज्य की भ्रष्टाचारी सरकार ने इस पर जांच के आदेश नहीं दिए। अब काेर्ट के निर्णय के बाद इस सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
