मंत्रालय के अधिकारियों से अभद्र भाषा का आरोप, मनेंद्रगढ़ के DFO मनीष कश्यप निलंबित

रायपुर।

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मनेंद्रगढ़ वनमंडल के डीएफओ Manish Kashyap को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ मंत्रालय स्तर के अधिकारियों से अमर्यादित व्यवहार और आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग का आरोप लगाया गया है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय द्वारा मनेंद्रगढ़ जिले से जुड़े कुछ प्रशासनिक बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई थी। इस दौरान डीएफओ मनीष कश्यप का जवाब मर्यादा के विपरीत पाया गया। आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्होंने अधिकारियों के प्रति असंयमित और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।

घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी किया। इससे पहले विभाग ने एक अलग आदेश के जरिए मनेंद्रगढ़ में नए डीएफओ की नियुक्ति की थी। बाद में जारी हुए निलंबन आदेश में मनीष कश्यप के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की पुष्टि की गई।

उनकी जगह चंद्र कुमार अग्रवाल को मनेंद्रगढ़ वनमंडल का नया डीएफओ नियुक्त किया गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि शासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और आगे की जांच नियमानुसार की जाएगी।

गौरतलब है कि मनीष कश्यप इससे पहले भी एक बार निलंबन की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। हालांकि, बाद में उन्हें बहाल कर पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन हालिया प्रकरण के बाद एक बार फिर उन पर गाज गिरी है।