भाजपा आज लॉन्च करेगी घोषणा पत्र, सुकमा में राजनाथ करेंगे शक्ति का प्रदर्शन…

रायपुर। CG News : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है। रायपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसे लॉन्च कर सकते हैं। वहीं शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे 2 चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
बीजेपी से रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी सुकमा में प्रचार करने उतरेंगे। जबकि केजरीवाल और भगवंत मान अकलतरा में रोड शो करेंगे। वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे आज रायपुर संभाग की अभनपुर और चंद्रपुर सीट पर सभा करेंगे। उनके साथ सीएम भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे।
बीजेपी लॉन्च करेगी घोषणा पत्र
छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी अपना घोषणा पत्र शुक्रवार को जारी करने जा रही है। इसके लिए खास तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रायपुर आ रहे हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में घोषणा पत्र लॉन्च होगा। अमित शाह के साथ छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी मौजूद रहेंगे।
खड़गे की अभनपुर और चंद्रपुर में चुनावी सभा
आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। खड़गे अभनपुर और चंद्रपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे। खड़गे दोपहर 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वहां से अभनपुर के लिये रवाना होंगे।
दोपहर 12.40 बजे अभनपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 1.50 बजे अभनपुर से जिला सक्ती, चंद्रपुर के लिये रवाना होंगे। दोपहर 3 बजेचंद्रपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। शाम 5.10 बजे रायपुर पहुंचेंगे और यही रिसॉर्ट में रुकने के बाद अगले दिन सुबह रवाना होंगे।
केजरीवाल और भगवंत मान की अकलतरा में सभा, 4 को मस्तूरी और कवर्धा में रोड शो
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान शुक्रवार को दो दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। शुक्रवार को दोनों मुख्यमंत्री अकलतरा में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में रोड शो करेंगे। 4 नवंबर शनिवार को भी केजरीवाल और भगवंत मान मस्तूरी और कवर्धा में रोड शो करेंगे।
शुक्रवार को दोपहर 1.30 बजे अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान रायपुर पहुंचेंगे और फिर रायपुर से अकलतरा के लिए रवाना होंगे। रोड शो में आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक भी शामिल होंगे।