दिल्ली रवाना हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन चुनाव और मंडल अध्यक्ष विवाद पर होगी चर्चा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति में उत्पन्न समस्याओं को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि 400 से अधिक मंडलों में नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है, जिसके चलते कुछ स्थानों पर असंतोष के मामले सामने आए हैं।

दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में किरण सिंह देव ने बताया कि आज दिल्ली में संगठन चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक होनी है। संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे। बैठक में जिला अध्यक्षों के नामों पर भी चर्चा की जाएगी।

मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति पर हुए विवाद के वीडियो सामने आने के सवाल पर किरण सिंह देव ने स्पष्ट किया कि संगठन में बड़े स्तर पर काम हो रहा है, और जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान होगा। वहीं, कांग्रेस द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर आयोजित किए जा रहे पदयात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह मात्र दिखावा है। कांग्रेस ने ही अंबेडकर जी को चुनाव में हराया था, और अब सम्मान मार्च का नाटक कर रही है।

दिल्ली में होने वाली बैठक से संगठन के आगामी कार्यों और विवादों के समाधान को लेकर कई बड़े फैसले लिए जाने की उम्मीद है |