छत्तीसगढ़ में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से मौसम में बड़ा बदलाव, कई जिलों में बारिश और ओलों का ऑरेंज अलर्ट

छत्तीसगढ़ में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से मौसम बदला हुआ है। सोमवार को भी कई जिलों में ओले, आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद सहित कुछ इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

रविवार शाम के बाद रायपुर, बिलासपुर और पेंड्रा सहित कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। कुछ समय की बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत दी। जगदलपुर में दिन का तापमान 9 डिग्री लुढ़क गया, जबकि अन्य हिस्सों में भी 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ट्रफ के कारण बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिक सुनील कुमार गुप्ता के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी के आगमन के साथ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ट्रफ की सक्रियता के चलते प्रदेश का मौसम बदला है। आज भी अधिकतर जिलों में बारिश और गरज-चमक के आसार बने रहेंगे। हालांकि अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला

रविवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2°C दर्ज किया गया। हालांकि अन्य जिलों में तापमान सामान्य से कम रहा।

रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से नीचे

रायपुर में रविवार को सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। दोपहर में तेज धूप निकली जिससे गर्मी और उमस बढ़ गई। शाम को करीब 8 बजे के आसपास तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई, जो लगभग आधे घंटे चली और 5 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.3°C रहा, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम था। आज अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आस-पास रहने की उम्मीद है।

बिलासपुर में 4 डिग्री कम रहा तापमान

बिलासपुर में भी रविवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यहां दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 38.4°C रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बिलासपुर संभाग के कोरबा और रायगढ़ जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

जगदलपुर में दिन का तापमान 9 डिग्री गिरा

बस्तर संभाग में समुद्र से आ रही नमी का असर सबसे अधिक देखने को मिला। रविवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री कम 28.7°C रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री कम 21.1°C रहा।

सरगुजा संभाग में भी तापमान में गिरावट

सरगुजा संभाग के कई जिलों में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। अंबिकापुर में दिन का तापमान 36.2°C रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 23°C दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed