आयुष्मान वय वंदना योजना: धमतरी बना मिसाल

धमतरी जिले में 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड पंजीयन अभियान जोर-शोर से चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी गांव, शहर और पंचायतों में शिविर लगाकर पंजीयन कर रहे हैं। जो वरिष्ठ नागरिक शिविर स्थल तक नहीं पहुंच सकते, उनके घर जाकर यह सेवा दी जा रही है।

 

इस प्रयास का नतीजा यह हुआ कि धमतरी जिला, आयुष्मान वय वंदना पंजीयन में पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर आ गया है। अब तक 5,700 से अधिक कार्ड पंजीकृत किए जा चुके हैं।

योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। पंजीयन के लिए आधार कार्ड और उसमें लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य है। इसके अलावा, पंजीकरण जिले के सभी उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल, और चिन्हित निजी अस्पतालों में हो रहा है।

हालांकि, आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक न होने के कारण कई वरिष्ठ नागरिकों को पंजीयन में दिक्कत हो रही है। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कौशिक ने नागरिकों से अपील की है कि वे नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाकर मोबाइल नंबर अपडेट कराएं, जिससे पंजीयन प्रक्रिया सुगम हो सके।

कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने भी सभी वरिष्ठ नागरिकों से आग्रह किया है कि वे जल्द से जल्द पंजीयन कराकर इस योजना का लाभ उठाएं। यह योजना न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करती है, बल्कि समाज के बुजुर्गों के लिए सशक्तिकरण का एक प्रभावी माध्यम बन रही है।