सिम्स अस्पताल के गेट पर TI से भिड़ा ऑटो चालक, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज; वीडियो वायरल
बिलासपुर में ऑटो खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद, जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी; पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर दी समझाइश
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल के मुख्य गेट पर ऑटो खड़ा करने को लेकर जमकर विवाद हो गया। इस दौरान ऑटो चालक की सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी से बहस हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि ऑटो चालक ने TI के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि चालक ने थाना प्रभारी के साथ गाली-गलौज भी की। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे TI
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम मंगला इलाके में एक युवती के पिता और भाई ने युवती, उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर चाकू से हमला कर दिया था। युवती ने प्रेम विवाह किया था। इस हमले में परिवार के पांच लोग घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसी मामले की जांच के सिलसिले में सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान सिम्स के मुख्य गेट के सामने एक ऑटो बेतरतीब तरीके से खड़ा मिला। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक नशे की हालत में हंगामा कर रहा था। TI ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया।
वीडियो में बहस और धक्का-मुक्की कैद
ऑटो चालक और थाना प्रभारी के बीच पहले तीखी बहस हुई। इसके बाद विवाद धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में दोनों के बीच बहस और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है।
एएसपी बोले- मारपीट नहीं, हुई थी धक्का-मुक्की
मामले में एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि पुलिस टीम एक मामले की जांच के लिए सिम्स अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान मुख्य गेट के पास एक ऑटो चालक हंगामा कर रहा था। TI रविशंकर तिवारी और उनकी टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिसकर्मियों से उलझ गया। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई। पुलिस चालक को पकड़कर थाने ले गई थी, जहां समझाइश देने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
