आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी डिजाइनर संग करीना की तस्वीर पर मचा बवाल, सोशल मीडिया पर गद्दार कह भड़के लोग

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 भारतीयों की जान जाने के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा है। इस बीच अभिनेत्री करीना कपूर खान की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वह दुबई में पाकिस्तानी डिजाइनर फराज मन्नान के साथ नजर आ रही हैं।

हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली है, जिसके चलते पाकिस्तानी कलाकारों के साथ किसी भी भारतीय के जुड़ाव को लेकर लोगों में आक्रोश है। तस्वीर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर करीना की आलोचना शुरू हो गई। कुछ लोगों ने उन्हें “गद्दार” तक कह डाला है।

बता दें कि फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने हाल ही में साफ किया है कि जो भी पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करेगा, उस पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाएगा।

करीना की ये तस्वीर दुबई के एक इवेंट की है, जिसमें वे 27 अप्रैल को शामिल हुई थीं। फराज मन्नान ने इस मुलाकात की तस्वीरें खुद सोशल मीडिया पर शेयर की थीं।