नवा रायपुर में 406 एकड़ में विकसित होगा मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क

रायपुर, 30 सितंबर 2026। भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA) के तहत छत्तीसगढ़ में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट लेवल कमेटी की बैठक हुई। इसमें छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) द्वारा नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में परियोजना की डीपीआर, मास्टर प्लान, भूमि उपलब्धता, अधोसंरचना, अनुमानित लागत और वित्तीय व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही BHAVYA की संचालन गाइडलाइन के अनुरूप प्रस्ताव के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया।
नवा रायपुर में 406.72 एकड़ में प्रस्तावित पार्क
CRDA द्वारा प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर में विकसित किया जाना है। करीब 406.72 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस पार्क में विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना और सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
केंद्र सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
स्टेट लेवल कमेटी ने परियोजना प्रस्ताव पर चर्चा के बाद इसे भारत सरकार को भेजने की मंजूरी दे दी है। अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के अगले चरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक उमेश कुमार झा, एनआरडीए नवा रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित कलेक्टर रायपुर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

