भोरमदेव शक्कर कारखाने का किसानों को बड़ा तोहफा

कवर्धा। लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी के लिए सम्मान हासिल करने वाले भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने अपने शेयरधारी गन्ना किसानों के लिए एक और राहत भरी पहल शुरू की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कारखाने से जुड़े करीब 28 हजार शेयरधारी किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराने की योजना का शुभारंभ किया।

किसानों को रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराने की यह लगातार तीसरी वर्ष की पहल है। कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

लगातार दो साल मिला एफिशिएंसी अवार्ड

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा को नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से वर्ष 2024-25 और 2025-26 में सर्वाधिक शुगर रिकवरी के लिए एफिशिएंसी अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

इस उपलब्धि पर कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों, शेयरधारकों और कारखाने के कर्मचारियों को बधाई दी गई। वक्ताओं ने कहा कि कारखाने की यह उपलब्धि किसानों और कर्मचारियों की मेहनत तथा आपसी सहभागिता का परिणाम है।

किसानों के लिए डोम निर्माण की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण कराने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों की अपनी संस्था है। इसकी मजबूती और निरंतर प्रगति किसानों की भागीदारी पर निर्भर करती है। किसानों और कारखाने के बीच मजबूत जुड़ाव से ही सहकारिता का उद्देश्य प्रभावी रूप से पूरा किया जा सकता है।

4,686 नए किसान बने शेयरधारी

विजय शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 4 हजार 686 नए किसानों को कारखाने का शेयरधारी बनाया गया है। इसके बाद शेयरधारी किसानों की संख्या बढ़कर करीब 28 हजार हो गई है। इन सभी किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि रियायती दर पर शक्कर का लाभ किसानों को देना सहकारिता की भावना और कारखाने से उनके जुड़ाव का प्रत्यक्ष परिणाम है।

गन्ना पेराई का लक्ष्य बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन किया

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पेराई सत्र में भोरमदेव कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। इस वर्ष पेराई क्षमता और गन्ने की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से 4 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है।

इसके साथ ही करीब 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने के साथ अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की।

किसानों की भागीदारी से मजबूत होगा कारखाना

विजय शर्मा ने कहा कि कारखाने की निरंतरता और सफलता सीधे तौर पर किसानों के सहयोग से जुड़ी है। पर्याप्त मात्रा में गन्ना मिलने से कारखाना बेहतर क्षमता के साथ संचालित होगा और इसका सीधा लाभ भी किसानों को मिलेगा।

उन्होंने किसानों से कारखाने के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने और गन्ना उत्पादन एवं अनुबंध को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधि और किसान रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष बोड़ला विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, मनीराम साहू, भुनेश्वर चंद्राकर, रामकिंकर वर्मा, खिलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान और कारखाने से जुड़े लोग उपस्थित रहे।