महासमुंद में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 4 लोगों की मौके पर मौत, 7 घायल…

महासमुंद 08 अप्रैल 2022 :  छत्तीसगढ़ के महासमुंद में भीषण सड़क हादसा होने से 4 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे गाड़ी में बैठे 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं 7 लोग घायल हुए हैं। इनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस हादसे में बुरन सोनवानी, पुनीबाई चौहान, ग्रहणलाल और जयंती चौहान की मौत हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के जामड़ी गांव के लोग पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने भालूकोना गांव जा रहे थे। ट्रैक्टर ट्राली में महिला, पुरुष व बच्चों सहित कुल 16 लोग सवार हुए। चालक सामान्य से अधिक रफ्तार से ट्रैक्टर चला रहा था। स्पीड अधिक होने के कारण चालक ट्रैक्टर को नियंत्रित नहीं कर पाया। सड़क से उतरकर खेत में ट्रैक्टर व ट्रॉली दोनों पलटकर उल्टी हो गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों व ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। ट्रॉली के नीचे दबने से 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं 7 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
हादसे के बाद सरायपाली एसडीएम नम्रता जैन भी मौके पर गईं थीं। इसके बाद उन्होंने बसना के अस्पताल में जाकर घायलों का हाल चाल भी जाना है,और डॉक्टरों को बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने एसडीएम से दुर्घटना की पूरी जानकारी ली और जांच के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed