बच्चों की प्रतिभा पहचानें, अंकों की दौड़ में न झोंकें : ओपी चौधरी
रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को सफलता का दिया मंत्र, साझा किया संघर्ष और उपलब्धियों का सफर
भिलाई। बच्चों की योग्यता का आकलन केवल परीक्षा परिणाम या कक्षा में मिलने वाली रैंक से करना उचित नहीं है। हर बच्चे में कोई न कोई खास प्रतिभा और क्षमता होती है, जिसे पहचानकर सही दिशा देना अभिभावकों और शिक्षकों की जिम्मेदारी है। जीवन में वास्तविक सफलता के लिए अच्छे अंकों के साथ आत्मविश्वास, धैर्य, लगन और असफलताओं से सीखने की क्षमता भी जरूरी है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भिलाई के कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं। अब करियर का दायरा केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है। खेल, कला, संस्कृति, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के सामने संभावनाओं की भरपूर दुनिया है। जरूरत है कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें तथा उपलब्ध अवसरों का उपयोग कर अपने सपनों को साकार करें।
बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें अभिभावक
ओपी चौधरी ने अभिभावकों से कहा कि बच्चों की तुलना दूसरों से करने और उन्हें हर हाल में टॉपर बनाने का दबाव डालने के बजाय उनकी व्यक्तिगत रुचियों और क्षमताओं को समझें। प्रत्येक बच्चे को अपनी पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और माता-पिता का प्रोत्साहन बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। असफलता को जीवन का अंत मानने के बजाय उससे सबक लेकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की सीख बच्चों को देनी चाहिए।
संघर्षों से मिली सफलता की कहानी विद्यार्थियों से की साझा
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए वित्त मंत्री ने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि एक छोटे से गांव के सामान्य परिवार से निकलकर वे पढ़ाई के लिए भिलाई पहुंचे थे। महज आठ वर्ष की उम्र में पिता का साया उठ गया था। उनकी माता केवल चौथी कक्षा तक पढ़ी थीं, लेकिन कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने बेटे की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास किए।
चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और महज 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लिए चयनित हुए। करीब 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने रायपुर, जांजगीर-चांपा और दंतेवाड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कलेक्टर और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया।
अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, मजबूत इच्छाशक्ति, अनुशासन और लगातार मेहनत से बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के बढ़ते अवसरों का किया उल्लेख
वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा का परिदृश्य लगातार मजबूत हो रहा है। प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ निफ्ट (NIFT), नाइलेट (NIELIT) और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) जैसे राष्ट्रीय संस्थान भी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने भिलाई और छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए रूंगटा ग्रुप के प्रयासों की सराहना की। साथ ही समय की जरूरतों के अनुरूप नए पाठ्यक्रम शुरू करने और तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में समूह के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा ग्रुप के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
