बिलासपुर तहसील में शराब के नशे में सोते मिले रीडर, कलेक्टर ने किया निलंबित, अधिवक्ता से बदसलूकी का भी आरोप

वकील ने मोबाइल से बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल; SDM की जांच रिपोर्ट के बाद कलेक्टर ने की कार्रवाई

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर तहसील कार्यालय में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसील कार्यालय में पदस्थ रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि रीडर कार्यालय में शराब के नशे में अपनी कुर्सी पर सो रहे थे। इतना ही नहीं, फाइल लेकर पहुंचे एक अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार करने और उनकी फाइल आगे बढ़ाने से इनकार करने का मामला भी सामने आया है।

वकील ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

मिली जानकारी के अनुसार, रवि शंकर सूर्यवंशी बिलासपुर तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत के रीडर के रूप में पदस्थ थे। 20 नवंबर को अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित अपनी फाइल लेकर उनके पास पहुंचे थे। इस दौरान रीडर अपनी कुर्सी पर सोते हुए दिखाई दिए। उन पर शराब के नशे में होने का भी आरोप लगाया गया है।

अधिवक्ता ने जब अपनी फाइल पुटअप करने के लिए कहा, तो आरोप है कि रीडर ने फाइल आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया और उनके साथ बदसलूकी भी की। इसके बाद अधिवक्ता ने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

कलेक्टर से शिकायत के बाद SDM ने की जांच

घटना के बाद अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित ने वीडियो सहित कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिकायत की। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया रीडर की लापरवाही सामने आने के बाद कलेक्टर ने निलंबन का आदेश जारी किया।

निलंबन के बाद कोटा तहसील कार्यालय अटैच

जारी आदेश के अनुसार, निलंबित रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को कोटा तहसील कार्यालय अटैच किया गया है। इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने सरकारी कार्यालयों में ड्यूटी के दौरान लापरवाही और आम नागरिकों एवं अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार के मामलों में सख्त रुख अपनाने का संदेश दिया है।