गुरु नानक प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में उमड़ी संगत

श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर राजधानी रायपुर के गुरुद्वारों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। तेलीबांधा और टाटीबंध स्थित गुरुद्वारों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर अरदास की और सुख-समृद्धि की कामना की।

तेलीबांधा गुरुद्वारे में शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके बताए मार्ग का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुवाणी का श्रवण किया। वहीं, टाटीबंध गुरुद्वारे में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें संगत ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर दोनों गुरुद्वारों में गुरु का लंगर आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने एक पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। सेवादारों ने पूरे समर्पण के साथ लंगर और आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।

प्रकाश पर्व के अवसर पर शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी विशेष आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने सेवा, सिमरन और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से गुरु नानक देव जी के समानता, मानवता और भाईचारे के संदेश को आत्मसात किया।