सरगुजा में जंगली हाथी का हमला, खेत में भाग रहे युवक को कुचला

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का आतंक जारी है। बतौली क्षेत्र के ग्राम टिरंग में एक जंगली हाथी ने खेत में भाग रहे युवक पर हमला कर उसे कुचल दिया। घटना में युवक घायल हो गया, लेकिन गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की नजर अचानक जंगली हाथी पर पड़ी। हाथी को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान खेत के बीच से भाग रहे एक युवक को हाथी ने अपनी चपेट में ले लिया। वायरल वीडियो में हाथी युवक को कुचलता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं आसपास मौजूद लोग भी जान बचाकर भागते नजर आ रहे हैं।

घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया

हाथी के हमले में घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि गंभीर हमले के बावजूद युवक की जान बच गई।

हाथी प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा पर चिंता

बताया जा रहा है कि घटना सीतापुर वन परिक्षेत्र की है। हालांकि, घटना के समय हाथियों की संख्या और हमले की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद हाथी प्रभावित गांवों में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।