जशपुर को 1.97 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, सीएम विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

चार गांवों में 1.20 करोड़ की लागत से बनेंगे महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण कार्यों को भी मिली मंजूरी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण शामिल हैं। इनसे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

चार गांवों में बनेंगे महतारी सदन

मुख्यमंत्री ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण पर कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र बनेंगे। यहां महिलाएं सामूहिक बैठक, आपसी संवाद, विभिन्न गतिविधियों और स्वरोजगार से जुड़ी पहल संचालित कर सकेंगी।

चार गांवों में सामुदायिक भवनों का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इन भवनों से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।

पुलिया का भूमिपूजन, सीसी सड़क का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होंगे महतारी सदन : सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जा रहा है, वहीं महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ये भवन महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।