दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे छत्तीसगढ़ के दो विद्यार्थी
रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल के लिए पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाएं अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करने जा रही हैं। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं के विद्यार्थी पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने रोबोटिक्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए दक्षिण कोरिया में होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 28 और 29 नवंबर 2026 को आयोजित होगी, जिसमें दोनों विद्यार्थी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में दोनों विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी सफलता की सराहना करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर वे वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। कम उम्र में रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान, तकनीक और नवाचार का है। प्रदेश के विद्यार्थियों में नई तकनीकों को सीखने और उनके माध्यम से कुछ नया करने की रुचि विकसित हो रही है। राज्य सरकार बच्चों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश को गौरवान्वित करेंगे।
नेशनल चैंपियनशिप में दूसरे स्थान से मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप-2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर दोनों का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता की नौ श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट्स के जरिए प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और नवाचार का प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है।
LEGO Line Follower प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी रेखा को पहचानकर उसी दिशा में आगे बढ़ सके। इस प्रक्रिया में प्रोग्रामिंग, तार्किक क्षमता, तकनीकी समझ और समस्याओं का समाधान करने की दक्षता का परीक्षण होता है।
शिक्षकों और मेंटर्स के मार्गदर्शन से मिली सफलता
दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे उनके अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को समय पर पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना शिक्षकों एवं अभिभावकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
रायपुर के इन दोनों विद्यार्थियों की सफलता ने साबित किया है कि सही दिशा में मेहनत और मार्गदर्शन से छोटी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। दक्षिण कोरिया में होने वाली प्रतियोगिता में उनकी भागीदारी छत्तीसगढ़ के अन्य विद्यार्थियों को भी रोबोटिक्स, विज्ञान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने के लिए प्रेरित करेगी।
