पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार
फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला, बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी मिला सम्मान
रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में शुक्रवार को आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह में राज्य को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए गए। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए। इसके अलावा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे।
पुरस्कार समारोह के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी (मिशन) सुनील अग्रहरी भी उपस्थित थे।
डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने में निकायों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 की डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख तक की आबादी वाले निकायों की श्रेणी में नगर पालिक निगम बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला।
इन पुरस्कारों के माध्यम से पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान प्रणाली से जोड़ने, उन्हें संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और उनके व्यवसाय को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश के लिए गौरव का विषय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान प्राप्त करना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और राज्य में अपनाए गए नवाचारों का परिणाम है। सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता और सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नगरीय निकायों के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य को दो श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का सम्मानित होना नगरीय निकायों की सक्रियता और बेहतर कार्यप्रणाली को दर्शाता है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगरीय निकायों को छोटे व्यापारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से काम करने की प्रेरणा देगी।
समारोह में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी उपस्थित रहे।
पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, उनके व्यवसाय को विस्तार देने और आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ राज्य ने शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल वित्तीय समावेशन और छोटे व्यापारियों के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।
