छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब 30 नवंबर तक मिलेगा मौका
इंडियन नर्सिंग काउंसिल ने बढ़ाई प्रवेश की अंतिम तिथि, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल लाई रंग; कल से काउंसलिंग शुरू होने की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। इंडियन नर्सिंग काउंसिल ने राज्य में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 30 नवंबर 2026 कर दी है। इस फैसले से उन विद्यार्थियों को एक और मौका मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश नहीं ले पाए थे।
जानकारी के अनुसार, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तारीख बढ़ाने के लिए इंडियन नर्सिंग काउंसिल से आग्रह किया था। शुरुआत में समय-सीमा बढ़ाने से इनकार किए जाने के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस मामले में पहल की। उन्होंने विशेष परिस्थितियों का हवाला देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के समक्ष प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया था।
स्वास्थ्य मंत्री की पहल के बाद मिली मंजूरी
स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों के बाद इंडियन नर्सिंग काउंसिल ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर करने का निर्णय लिया है। इस फैसले का प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ ने स्वागत किया है। एसोसिएशन ने विद्यार्थियों के हित में किए गए प्रयासों के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया है।
एसोसिएशन का कहना है कि समय-सीमा बढ़ने से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो अब तक नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश नहीं ले पाए थे। इसके साथ ही नर्सिंग शिक्षा से जुड़े संस्थानों को भी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
कल से शुरू हो सकती है काउंसलिंग
प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के बाद अब राज्य में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग प्रक्रिया शनिवार से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इससे प्रवेश का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को अब 30 नवंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा।
