जनजातीय गौरव दिवस पर ओपी चौधरी ने किया वीर नायकों का स्मरण, युवाओं को बड़े सपने देखने की दी प्रेरणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से देश के जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले महानायकों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। जनजातीय वीरों ने देश की आजादी, संस्कृति और सामाजिक स्वाभिमान की रक्षा के लिए अदम्य साहस और त्याग का परिचय दिया है। उनका संघर्ष भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण विरासत है।

यह बात वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बालछापार स्थित सरना एथेनिक रिजॉर्ट में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में कही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए चौधरी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश और जनजातीय समाज के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सभी महानायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने देश के लिए बलिदान देने वाले जनजातीय सैनिकों के परिजनों और विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुखों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को नई प्राथमिकता मिली है। जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू का देश के राष्ट्रपति पद तक पहुंचना पूरे समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इसी तरह जनजातीय समाज से आने वाले विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाकर प्रदेश का नेतृत्व सौंपा जाना भी जशपुर सहित पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लगभग दो दशक तक रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र का संसद में प्रतिनिधित्व किया है। उनका सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री ने उन पर विश्वास जताते हुए प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके नेतृत्व में राज्य में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जशपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं का हो रहा विस्तार

वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण को गति मिल रही है। साथ ही जशपुर अंचल को रेल नेटवर्क से जोड़ने की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा भी पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जशपुर में नालंदा परिसर का निर्माण और वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में एनटीपीसी के सीएसआर मद से आधुनिक अस्पताल का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां होंगी। इन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, उच्च शिक्षा और आवागमन की सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक विकास की सुविधाएं पहुंचें और स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।

छोटे गांव के युवा भी बन सकते हैं आईएएस और आईपीएस : चौधरी

युवाओं को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सफलता के लिए बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करना जरूरी है। प्रतिभा का संबंध किसी बड़े शहर या आर्थिक स्थिति से नहीं होता। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर गांव का विद्यार्थी भी आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बन सकता है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। प्रयास विद्यालयों में आईआईटी, मेडिकल, सीए और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। जशपुर में तैयार हो रहा नालंदा परिसर भी विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा जनजातीय विकास विभाग के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए लगभग साढ़े तीन से चार लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जाती है।

अपने अनुभव साझा करते हुए चौधरी ने बताया कि वे स्वयं एक छोटे गांव से निकलकर महज 22 वर्ष की उम्र में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए थे। उन्होंने कहा कि जब चौथी कक्षा तक पढ़ी मां अपने बेटे को आईएएस बनने का सपना दिखा सकती हैं, तो जशपुर के बच्चे भी बड़े पदों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने, उनकी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

जनजातीय संस्कृति और विरासत को सहेजना जरूरी

चौधरी ने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं, लोककलाएं, जीवनशैली और सांस्कृतिक मूल्य देश की अमूल्य धरोहर हैं। भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के नए अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।

समारोह में स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं। वित्त मंत्री ने कलाकारों की सराहना करते हुए लोककला एवं संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक सांस्कृतिक दल को स्वेच्छानुदान मद से 10-10 हजार रुपए देने की घोषणा की।

कुरुख गीत के जरिए जनजातीय महापुरुषों को किया याद

जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने स्थानीय कुरुख बोली में गीत प्रस्तुत कर बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू मुर्मू, तिलका मांझी, वीर बुधु भगत और शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक जनजातीय नायकों के साहस और बलिदान को स्वरांजलि दी।

पहाड़ी कोरवा समुदाय और राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया और उनसे संवाद किया। उन्होंने क्रिकेट में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली जशपुर की बेटियों को भी सम्मानित किया। अंडर-17 और अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों में चयनित खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जिले की बेटियां खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उनकी उपलब्धियां दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।

महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना के ऋण वितरित

समारोह में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत महिलाओं को स्वरोजगार और व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। वित्त मंत्री ने शकुंतला सिंह को एक लाख रुपए तथा सुमित्रा बेसरा और बंधनी बाई को दो-दो लाख रुपए के प्रतीकात्मक चेक सौंपे। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बेसरा, पद्मश्री जागेश्वर यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।