सुहेला को 459 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात,275 परियोजनाओं का शुभारंभ
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले के विकास को नई गति देते हुए 459 करोड़ 45 लाख रुपए के 275 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 316 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत वाले 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपए के 97 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ भी किया गया। इससे क्षेत्र में करीब दो दशक से चली आ रही उच्च शिक्षा संस्थान की मांग पूरी हुई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता सामग्री और चेक वितरित किए। साथ ही उल्लेखनीय कार्य करने वाले नागरिकों एवं युवाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस भरोसे के साथ सरकार को जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। हमारा प्रयास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार कर विकसित छत्तीसगढ़ की नींव मजबूत की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले महीने सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस दौरान जनहित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। सरकार गठन के 24 घंटे के भीतर 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, महतारी वंदन योजना, चरण पादुका योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी पहलों से प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ मिला है।
डिजिटल सेवाओं और हेल्पलाइन से मजबूत हो रहा सुशासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आम नागरिक के लिए सरल, सुलभ और सुविधाजनक बनाना है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है, जो 24 घंटे उपलब्ध है। नागरिक इस पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं और उनके समाधान के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से करीब 700 सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के जरिए गांवों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार हुआ है। अब ग्रामीणों को बैंकिंग संबंधी सामान्य कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और गांव में ही राशि जमा करने तथा निकालने की सुविधा मिल रही है।
किसानों की आर्थिक मजबूती सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। कृषक उन्नति योजना में संशोधन कर कम उत्पादन की स्थिति में भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से अंतर की राशि देने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही किसानों को दो वर्ष के बकाया बोनस का भुगतान भी किया जा चुका है।
सुहेला में मांगलिक भवन और महाविद्यालय के लिए राशि की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के आग्रह पर सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए आगामी बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा सुहेला तहसील के 20 स्कूलों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए तथा बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सुहेला में शासकीय महाविद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे लगभग 20 वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता और सम्मान
विकास संकल्प तिहार के दौरान मुख्यमंत्री ने वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और पात्र हितग्राहियों को सहायता सामग्री, चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
वन विभाग के स्टॉल पर तेंदूपत्ता संग्राहक हेमलाल, राजकुमार और तुकेश ध्रुव को क्रमशः 15 हजार 411 रुपए, 22 हजार 976 रुपए और 21 हजार 15 रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक दिए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से बेहतर कार्य करने वाली पांच सोलर दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को गेहूं और सरसों के बीज वितरित किए गए। इसके अलावा 10 किसानों को 50 लाख रुपए से अधिक की राशि के चेक प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच बच्चों को सुपोषण टोकरी दी गई।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 10 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से तीन दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर वितरित की गई। वहीं, भारत माता वाहिनी समूह के 10 सदस्यों को सीटी, टोपी, लाठी और टॉर्च प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर छह हितग्राहियों को चश्मे, तीन को आयुष्मान वय वंदन कार्ड और तीन को आयुष्मान कार्ड दिए गए। कौशल विकास विभाग के ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ कार्यक्रम के तहत जिले के 53 युवाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर सहायता मिले और वह आत्मसम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी सके।
सड़क, शिक्षा और सिंचाई परियोजनाओं से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में बलौदाबाजार विकासखंड के अंतर्गत 88 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास सड़क का निर्माण शामिल है। सुहेला में 23 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से सुहेला तिराहा के तीन मार्गों पर डिवाइडर और प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क निर्माण किया जाएगा। सिमगा विकासखंड में 8 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से हथबंद-जांगड़ा सड़क का निर्माण भी किया जाएगा।
इसके अलावा भाटापारा विकासखंड में 6 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से दतरेंगा से बिजराडीह तक पुल-पुलियों सहित 6.20 किलोमीटर सड़क तथा 5 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से तुरमा-खैरी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
लोकार्पित प्रमुख परियोजनाओं में भाटापारा विकासखंड में 65 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा 9 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण और मजबूतीकरण शामिल है।
इसी क्रम में पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन का निर्माण पूरा किया गया। बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम घुलघुल में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से मल्लीन नाला पर स्टॉपडेम तथा कसडोल विकासखंड के ग्राम मटिया में 3 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से मटिया नाला पर स्टॉपडेम का निर्माण भी पूरा कर लोकार्पित किया गया।
इन परियोजनाओं से जिले में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। शिक्षा संस्थानों को नई अधोसंरचना मिलेगी और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि गतिविधियों को लाभ पहुंचेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, बलौदाबाजार नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, भाटापारा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, लक्ष्मी बघेल, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
