ई-ऑफिस और समयबद्ध उपस्थिति में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
मंत्रालय में ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति के मामले में लगातार हो रहे सुधार पर मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों व्यवस्थाओं में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस बार 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक की सात महीने की संचयी रैंकिंग का भी मूल्यांकन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों और कार्यालयों के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस के संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले मंत्रालयीन विभागों, विभागाध्यक्ष कार्यालयों, जिला कार्यालयों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
मुख्य सचिव ने सामान्य प्रशासन विभाग को निर्देश दिए कि ई-ऑफिस और उपस्थिति प्रणाली में अब तक हासिल की गई उपलब्धियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किया जाए। साथ ही, वर्तमान प्रगति का विस्तृत आकलन कर उन क्षेत्रों की पहचान की जाए, जहां और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए फीडबैक सर्वे कराने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सुझावों के आधार पर आवश्यक बदलाव किए जा सकें।
उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों से कहा कि वे अपने जिलों में ई-ऑफिस और उपस्थिति व्यवस्था में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करें तथा उनके कार्यों की सराहना करें। मुख्य सचिव ने कहा कि मंत्रालय को एक आदर्श कार्यालय के रूप में विकसित करना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी, समयबद्ध कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता जरूरी है।
ई-ऑफिस रैंकिंग में पांच विभागों को मिला सम्मान
मंत्रालय में आयोजित सम्मान समारोह में ई-ऑफिस के बेहतर संचालन के लिए शीर्ष पांच विभागों को पुरस्कृत किया गया। इनमें चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रथम, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने द्वितीय, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने तृतीय, जनसंपर्क विभाग ने चतुर्थ तथा आदिम जाति विकास विभाग ने पांचवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
विभिन्न अधिकारी श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का सम्मान
ई-ऑफिस के संचालन में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को उनके पद और श्रेणी के अनुसार सम्मानित किया गया। अपर सचिव श्रेणी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सच्चिदानंद आलोक को प्रथम स्थान मिला।
संयुक्त सचिव श्रेणी में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अनुपम त्रिवेदी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि आदिवासी विकास विभाग के भूपेंद्र कुमार राजपूत तृतीय स्थान पर रहे।
उप सचिव श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग की लवीना पाण्डेय प्रथम, जनसंपर्क विभाग की हेमिन बाघे द्वितीय तथा सामान्य प्रशासन विभाग के पुलक भट्टाचार्य तृतीय स्थान पर रहे।
अवर सचिव श्रेणी में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के भूपेंद्र सिंह राजपूत को प्रथम, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पूरन लाल साहू को द्वितीय और गृह विभाग के सोनचंद साहू को तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।
अनुभाग अधिकारी श्रेणी में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पी. दुर्गा ने पहला स्थान प्राप्त किया। सामान्य प्रशासन विभाग के हेमंत कुमार कंबलकर दूसरे और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विरेन्द्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
सहायक अनुभाग अधिकारी श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिया खान लोहानी प्रथम, राजस्व विभाग के शैलेंद्र कुमार पात्रे द्वितीय और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मोहम्मद शाहिर अंसारी तृतीय स्थान पर रहे।
वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जयमनी पहाड़िया को प्रथम, जेल विभाग के कोमल वर्मा को द्वितीय और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रदीप कुमार को तृतीय स्थान मिला।
कनिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के संदीप कुमार तारम प्रथम, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रभु सिंह राठिया द्वितीय और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रदीप कुमार राय तृतीय स्थान पर रहे।
सहायक ग्रेड-3 श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग के ऋषिकेश मिर्चे को प्रथम स्थान के लिए सम्मानित किया गया। सहायक ग्रेड-2 श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग के रामनरेश पाल को द्वितीय तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर ओमप्रकाश साहू को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा मंत्रालय की विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
समय पर कार्यालय पहुंचने वाले 10 कर्मचारी भी सम्मानित
मंत्रालय में समयबद्धता और नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने के लिए 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक की उपस्थिति रैंकिंग के आधार पर 10 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
इनमें महिला एवं बाल विकास विभाग की अनुभाग अधिकारी कांति सूर्यवंशी, आदिम जाति विकास विभाग की वरिष्ठ सचिवालय सहायक प्रमिला यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के वरिष्ठ सचिवालय सहायक मेलू राम ध्रुव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टेनोटाइपिस्ट रमाकांत, भृत्य राजकुमार सोरी, आदिम जाति विकास विभाग के निज सचिव हरिश देवांगन, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग के संयुक्त सचिव अनुपम त्रिवेदी, मुख्य सचिव कार्यालय की निज सचिव आराधना साहू, जेल विभाग के सहायक अनुभाग अधिकारी भागेश कुमार ध्रुव तथा मुख्य सचिव कार्यालय के वरिष्ठ सचिवालय सहायक पुरुषोत्तम लाल निषाद शामिल हैं।
मुख्य सचिव ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मंत्रालय में डिजिटल कार्यप्रणाली, पारदर्शिता, समयबद्धता और कार्यक्षमता को लगातार बेहतर बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
