युवाओं को सफलता के साथ समाज सेवा के लिए भी प्रेरित किया अरुण साव ने

मुंगेली जिले के ग्राम कोतरी स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल राजकीय महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी एक जिम्मेदार नागरिक बनना भी है। सफलता मिलने में देरी हो तो निराश होने के बजाय धैर्य और आत्मविश्वास के साथ प्रयास जारी रखना चाहिए। वहीं, कम उम्र में सफलता मिलने पर भी जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए स्वयं को तैयार रखना चाहिए।

महाविद्यालय के सुव्यवस्थित परिसर और उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए अरुण साव ने कहा कि ग्रामीण अंचल में संचालित यह महाविद्यालय महानगरों जैसी व्यवस्थाओं का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। यहां के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के एनएसएस शिविर में सहभागिता करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। विद्यार्थियों की उपलब्धियां आने वाले समय में लोरमी को नई पहचान दिलाएंगी।

उन्होंने टेबल टेनिस में लगातार चार वर्षों से महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों की प्रशंसा की। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया। विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे रक्तदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का पुण्य कार्य है। युवाओं में विकसित हो रहा यह सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पढ़ाई और खेलकूद के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा और परिश्रम से व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल करने के साथ समाज, प्रदेश और देश के विकास में भी योगदान देना चाहिए।

महाविद्यालय के विकास के लिए 80 लाख रुपए की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान अरुण साव ने महाविद्यालय में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 30 लाख रुपए, मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपए तथा खेल मैदान के उन्नयन के लिए 40 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय तक पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए पहले ही 19 लाख रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, डॉ. उदय जायसवाल और दिनेश साहू सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।