ड्यूटी के दौरान शहीद आरक्षक के परिवार को मिली 1.08 करोड़ की बीमा राशि, डिप्टी CM विजय शर्मा ने पत्नी को सौंपा चेक
12 साल से अधिक समय तक पुलिस बल में दी सेवाएं, गोली लगने की घटना में हुई थी मौत; बेटे को मिल चुकी है बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस जवानों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार की पहल के तहत ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले आरक्षक के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन, नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी कबीरधाम में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय सोनवीर कुमार की पत्नी प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक सौंपा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की पीड़ा अपूरणीय होती है। ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था परिवार को आगे बढ़ने और भविष्य की जिम्मेदारियों को पूरा करने का संबल प्रदान करती है।
12 साल से अधिक समय तक दी पुलिस बल में सेवाएं
स्वर्गीय सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा के सैलरी पैकेज के अंतर्गत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को 1.08 करोड़ रुपए की बीमा राशि प्रदान की गई है।
परिवार को आर्थिक संबल देने के साथ ही उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की जा चुकी है।
बीमा राशि के सुरक्षित निवेश के लिए मार्गदर्शन देने के निर्देश
चेक सौंपने के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को इसके सुरक्षित निवेश और उचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह राशि परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली शेष सहायता और अन्य सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी मिलेगी बीमा सुरक्षा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले इन जवानों और उनके परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
बैंक ऑफ बड़ौदा पांच पुलिसकर्मियों के परिवारों को दे चुका है बीमा सहायता
छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए हैं। इसके तहत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा की सुविधा दी जाती है। आकस्मिक मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता मिलती है।
बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पुलिस बल के पांच कर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह व्यवस्था परिवारों की आर्थिक स्थिरता, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित हो रही है।
वरिष्ठ पुलिस और बैंक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी के कमांडेंट कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ड्यूटी के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले जवान के परिवार को मिली यह आर्थिक सहायता पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके आश्रितों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
