गृह निर्माण मंडल की योजनाओं की समीक्षा, 888 करोड़ की बुकिंग लाइव

कुल संपत्तियों में 77 प्रतिशत का विक्रय, 10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर चल रहा काम

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल मुख्यालय में आज विभिन्न आवासीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण सहित मुख्यालय और विभिन्न प्रक्षेत्रों के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में अटल विहार योजना, सामान्य आवास योजना, प्रधानमंत्री सह मुख्यमंत्री आवास योजना, निक्षेप कार्य, रिडेवलपमेंट योजना और वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। मंडल अध्यक्ष ने परियोजनावार निर्माण की स्थिति, पूर्ण एवं निर्माणाधीन आवासीय इकाइयों, वित्तीय उपलब्धियों, संपत्तियों की बिक्री और क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और सभी परियोजनाओं में निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि मंडल की कुल संपत्तियों में से लगभग 77 प्रतिशत का विक्रय किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 888 करोड़ रुपये की बुकिंग लाइव है। शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध आवासीय परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग और पुनर्विकास के लिए 10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें से पांच योजनाओं के टेंडर जारी हो चुके हैं, जबकि शेष पांच को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल चुकी है।

वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 के तहत अब तक करीब 65 प्रतिशत बुकिंग दर्ज की गई है। दुर्ग और बिलासपुर प्रक्षेत्रों ने इस योजना में 80 प्रतिशत से अधिक बुकिंग का लक्ष्य हासिल किया है। अनुराग सिंह देव ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रक्षेत्रों की सराहना करते हुए अन्य प्रक्षेत्रों को भी संपत्तियों की बुकिंग और विक्रय में तेजी लाने के निर्देश दिए।

नई आवासीय योजनाओं में डिपार्टमेंटल स्टोर के लिए होगी जगह

मंडल अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि भविष्य में विकसित की जाने वाली प्रत्येक नई आवासीय योजना में डिपार्टमेंटल स्टोर के लिए अनिवार्य रूप से स्थान निर्धारित किया जाए। इससे रहवासियों को दैनिक जरूरतों की वस्तुएं और आवश्यक सुविधाएं कॉलोनी परिसर में ही मिल सकेंगी। उन्होंने प्रत्येक कॉलोनी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आवासीय परियोजनाओं का विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित न रहे, बल्कि उनमें बेहतर जीवनशैली, मूलभूत सुविधाओं और स्वच्छ एवं हरित वातावरण का भी समुचित ध्यान रखा जाए।

गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में लापरवाही अथवा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता नहीं पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में ठेका निरस्त करने के साथ ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक के समापन पर मंडल अध्यक्ष और आयुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने, संपत्तियों की बिक्री बढ़ाने और आम नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा। इस अवसर पर उन्होंने मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।