21 नवंबर से धरसींवा में शुरू होगी विधायक अनुज शर्मा की ‘सेवा संवाद यात्रा’
एक महीने तक 144 गांवों और नगर पंचायतों के वार्डों तक पहुंचेगी यात्रा; जनसमस्याओं के निराकरण के लिए लगेंगे विशेष शिविर
खरोरा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विधायक अनुज शर्मा की पहल पर 21 नवंबर से ‘सेवा संवाद यात्रा’ शुरू होने जा रही है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत विधायक क्षेत्र के सभी 144 गांवों, नगर पंचायतों के वार्डों और प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर आम नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर धरसींवा स्थित ‘सेवा सदन’ में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
जनता से सीधा संवाद और विकास कार्यों पर रहेगा जोर
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि धरसींवा विधानसभा उनका परिवार है और क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनका प्रमुख दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संवाद यात्रा’ केवल जनसंपर्क कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में काम करने का अभियान है।
विधायक ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी टीम समर्पण के साथ काम करेगी।
समस्या निवारण शिविरों में सुनी जाएंगी लोगों की शिकायतें
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर विशेष समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्थानीय नागरिकों से आवेदन और शिकायतें प्राप्त कर उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा तथा प्रस्तावित कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मातृशक्ति और युवाओं की रहेगी सक्रिय भागीदारी
बैठक में यात्रा को प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए मातृशक्ति एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने तथा इसकी जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में यात्रा प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, सविता चंद्राकर, शकुन्तला ढीलेंद्र सेन, रश्मि वर्मा, शिवशंकर वर्मा, अशोक सिन्हा, अरविंद ठाकुर, राकेश यादव, चंद्रकांत साहू, सुनील शर्मा, हरिशंकर वर्मा, सोना वर्मा, गोविंद साहू, रॉबिन साहू, योगेश साहू, मोहन प्रजापति और किरन साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
21 नवंबर से शुरू होने वाली यह यात्रा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद, जनसमस्याओं के संकलन और विकास कार्यों की समीक्षा पर केंद्रित रहेगी।
