रायपुर कमिश्नरेट ने डेंटल कॉलेज में आयोजित की एंटी रैगिंग कार्यशाला

रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट द्वारा श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेस में एंटी रैगिंग कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने विद्यार्थियों से संवाद कर रैगिंग के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं शिक्षाविद भी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान डीसीपी दीपमाला कश्यप ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से रैगिंग के विभिन्न स्वरूपों और इसके दुष्परिणामों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी सम्मान, सहयोग और अनुशासन की भावना अपनाने तथा महाविद्यालय परिसर को रैगिंग मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने रैगिंग से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना संबंधित प्राधिकरण या पुलिस को तत्काल दें। उन्होंने सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में विद्यार्थियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला में नशा मुक्ति, पिंक पेट्रोलिंग और महिला सुरक्षा पर भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने की अपील की गई।
रायपुर कमिश्नरेट के साइबर जागरूकता अभियान एवं साइबर संकल्प के तहत ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल भुगतान से जुड़ी ठगी से बचाव के तरीके भी बताए गए। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की जानकारी देकर विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
