रायपुर में 125 बिस्तरों वाले प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार प्रदेश में आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में राजधानी रायपुर के देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित 125 बिस्तरों वाले प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अस्पताल प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करेगा।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत होगी कम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों में जाना मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ाता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि लोगों को विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी उपचार की सुविधाएं प्रदेश में ही उपलब्ध हों। इससे छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का नेटवर्क विकसित हो रहा है। नए अस्पतालों से उपचार सुविधाओं के विस्तार के साथ चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल कर्मचारियों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

आयुष्मान भारत से जरूरतमंदों को उपचार में मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। प्रदेश में जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है। दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने का समान अधिकार है और सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक अभाव किसी के उपचार में बाधा न बने।

नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित होगी मेडिसिटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं, मेडिकल टूरिज्म और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के लोगों को गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े, बल्कि अन्य राज्यों से भी मरीज बेहतर इलाज के लिए यहां आएं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों के हित, संवेदनशीलता और उपचार की गुणवत्ता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक अस्पतालों के विकास से केवल चिकित्सा सुविधाएं ही नहीं बढ़तीं, बल्कि डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलते हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने पर भी जोर दे रही है, ताकि युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर अवसर मिल सकें।

केंद्रीय मंत्री और उप मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य सुखी और समृद्ध जीवन का आधार है। केंद्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रथमेश हॉस्पिटल के शुरू होने से लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के साथ निजी क्षेत्र में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।