प्रगति-50 योजना में रायपुर और बिलासपुर शामिल
रायपुर, 29 सितंबर 2026। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की महत्वाकांक्षी ‘प्रगति-50’ (PRAGATI-50) पहल में छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर नगर निगमों का चयन किया गया है। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस योजना का शुभारंभ किया।
देश के चयनित 50 शहरों में छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर को शामिल किए जाने से राज्य में नगरीय स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में चयनित राज्यों के नगरीय विकास विभागों, शहरी स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू नई दिल्ली से कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव राजनांदगांव से वर्चुअली जुड़े।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रगति-50 में रायपुर और बिलासपुर के चयन पर दोनों नगर निगमों, स्वच्छता मित्रों और शहरवासियों को बधाई दी। रायपुर की महापौर मीनल चौबे और बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी सहित दोनों नगर निगमों के आयुक्त भी ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल हुए।
‘प्रगति’ बैठक के निर्देशों से शुरू हुई पहल
प्रगति-50 पहल की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित 51वीं ‘प्रगति’ बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर की गई है। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत चयनित शहरों में स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर केंद्रित है।
योजना के अंतर्गत चयनित 50 शहरों को केंद्र सरकार की ओर से तकनीकी सहयोग, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और नियमित निगरानी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही शहरों को देश में अपनाई जा रही बेहतर कार्य-पद्धतियों को लागू करने के लिए आवश्यक सहयोग भी मिलेगा।
कचरा प्रबंधन से लेकर प्रयुक्त जल के पुन: उपयोग पर जोर
प्रगति-50 के तहत शहरों में घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का वैज्ञानिक पृथक्करण, प्रसंस्करण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी एवं टिकाऊ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं में सुधार और शहरों की समग्र साफ-सफाई को भी योजना में प्राथमिकता दी गई है।
इसके साथ ही प्रयुक्त जल के उपचार, उसके पुन: उपयोग और बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। स्वच्छता अभियानों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नागरिकों, संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने पर जोर रहेगा।
शहरों की प्रगति का आकलन निर्धारित संकेतकों के आधार पर किया जाएगा और प्रदर्शन की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग की जाएगी।
राज्य में चल रहे स्वच्छता प्रयासों को मिला परिणाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार नगरीय निकायों में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, बेहतर कचरा प्रबंधन और प्रभावी सेवा-प्रदाय को प्राथमिकता दे रही है। रायपुर और बिलासपुर का प्रगति-50 के लिए चयन इन्हीं प्रयासों की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस उपलब्धि में दोनों नगर निगमों की सक्रिय भूमिका के साथ स्वच्छता मित्रों की मेहनत और शहरवासियों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण रही है।
दूसरे नगरीय निकायों के लिए बन सकते हैं मॉडल
प्रगति-50 के माध्यम से रायपुर और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्य-पद्धतियों और आधुनिक तकनीकों से सीखने तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर लागू करने का अवसर मिलेगा।
दोनों शहरों में स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रयुक्त जल के प्रबंधन और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। दोनों शहरों में किए जाने वाले नवाचार और प्राप्त अनुभव भविष्य में छत्तीसगढ़ के अन्य नगरीय निकायों के लिए उपयोगी मॉडल के रूप में सामने आ सकते हैं।
स्वच्छता मित्रों और नागरिकों की भागीदारी का सम्मान : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर और बिलासपुर को प्रगति-50 में शामिल किए जाने पर नगरीय प्रशासन विभाग, दोनों नगर निगमों के अधिकारियों और स्वच्छता मित्रों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि दोनों शहरों का राष्ट्रीय स्तर की इस पहल में चयन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। यह स्वच्छता मित्रों के निरंतर परिश्रम और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को भी सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से रायपुर और बिलासपुर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा दोनों शहर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी स्थिति को लगातार बेहतर करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
