छत्तीसगढ़ का नया विश्व रिकॉर्ड: रायगढ़ में बनी देश की पहली 100% स्टील स्लैग रोड गिनीज बुक में दर्ज, बचाए लाखों टन पत्थर

रायगढ़ / रायपुर:
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले ने इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। रायगढ़ में बनी 1.85 किलोमीटर लंबी 4-लेन स्टील स्लैग सड़क ने ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ (Guinness World Records) में अपना नाम दर्ज कराया है। इस सड़क के निर्माण में प्राकृतिक पत्थरों की जगह 100 प्रतिशत प्रोसेस्ड EAF (इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस) स्टील स्लैग का इस्तेमाल किया गया है।
2 लाख टन प्राकृतिक पत्थरों की हुई बचत
इस पूरी पेवमेंट (सड़क) संरचना में पारंपरिक प्राकृतिक गिट्टी व पत्थरों की जगह लगभग 2 लाख टन प्रोसेस्ड स्टील स्लैग का उपयोग किया गया है। इस अभिनव तकनीक के कारण लगभग 2 लाख टन प्राकृतिक पत्थरों के खनन को रोका जा सका है, जो पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।
पारंपरिक सड़क से 35% पतली और 40% सस्ती
वैज्ञानिक तकनीक से तैयार यह सड़क पारंपरिक सड़कों की तुलना में न केवल अधिक मजबूत है, बल्कि इसकी पेवमेंट लगभग 35 प्रतिशत पतली भी है। इतना ही नहीं, निर्माण प्रक्रिया में प्रोसेस्ड वेस्ट का इस्तेमाल होने से लागत में करीब 40 प्रतिशत तक की बड़ी बचत का अनुमान लगाया गया है।
CSIR-CRRI की तकनीक से वेस्ट बना बेस्ट
इस अनूठी सड़क का निर्माण केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CSIR-CRRI) द्वारा विकसित स्वदेशी तकनीक के माध्यम से किया गया है। यह तकनीक औद्योगिक कचरे (स्टील वेस्ट) का टिकाऊ प्रबंधन कर उसे एक बहुमूल्य संसाधन में बदलने का बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरी है।

