भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से की सौजन्य मुलाकात

ओडिशा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विष्णु देव साय का आत्मीयता के साथ स्वागत किया।
दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने तथा विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से क्षेत्रीय विकास को गति देने और नागरिकों के हित में प्रभावी पहल को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा केवल पड़ोसी राज्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच लंबे समय से मजबूत सामाजिक और आत्मीय संबंध रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास, जनकल्याण और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर दोनों राज्यों के बीच निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय से सीमावर्ती क्षेत्रों सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही, आपसी सहयोग से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा और गति प्रदान की जा सकेगी।

