भंडारा सड़क हादसे में घायलों से मिले विजय शर्मा
रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के लोगों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रायपुर एम्स पहुंचकर मुलाकात की। मंगलवार देर शाम अस्पताल पहुंचे विजय शर्मा ने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी चर्चा की और हादसे में घायल मरीजों को दिए जा रहे उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घायलों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, उपचार की प्रगति और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान विजय शर्मा ने ग्राम बांधाटोला निवासी पांच वर्षीय लुकेश पटेल, दो वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल सहित अन्य घायलों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों और अन्य पीड़ितों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है तथा उपचार एवं आवश्यक सहायता में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
हादसे के बाद से ही उप मुख्यमंत्री प्रभावित परिवारों के संपर्क में हैं। घायलों के अस्पताल पहुंचने से लेकर उनके उपचार की व्यवस्था तक की जानकारी लगातार ली जा रही है। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जा रहा है।
दिवंगतों के परिजनों से भी मिल चुके हैं विजय शर्मा
हादसे के बाद विजय शर्मा कबीरधाम जिले में दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के घर भी पहुंचे थे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाने के साथ हादसे में घायल लोगों के परिवारों से भी संपर्क किया था। अब रायपुर एम्स पहुंचकर उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति जानी और उनके उपचार की प्रगति की जानकारी ली।
