BRICS की अध्यक्षता भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत का प्रमाण

BRICS की अध्यक्षता भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 13 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका लगातार मजबूत हुई है। आज भारत विश्व समुदाय में एक भरोसेमंद, प्रभावशाली और जिम्मेदार राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। वर्ष 2026 में भारत को BRICS की अध्यक्षता मिलने और 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिलना इसी बढ़ते वैश्विक प्रभाव और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। भारत अब केवल अपने राष्ट्रीय हितों को मजबूती से दुनिया के सामने रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ की अपेक्षाओं तथा चुनौतियों को भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहा है।

सहयोग, नवाचार और सतत विकास को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि “Building Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability” की थीम के साथ भारत की BRICS अध्यक्षता वैश्विक सहयोग को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से नवाचार, आर्थिक सहयोग, स्थिरता और सतत विकास के क्षेत्र में नए प्रयासों को गति दी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति और वैश्विक दृष्टिकोण हमेशा साझा प्रगति और सभी देशों को साथ लेकर आगे बढ़ने की भावना पर आधारित रहा है। BRICS जैसे बहुपक्षीय मंच विभिन्न देशों के अनुभवों को साझा करने और मिलकर विकास की नई संभावनाएं तलाशने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

आतंकवाद के खिलाफ भारत का स्पष्ट रुख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ हमेशा स्पष्ट और दृढ़ नीति अपनाई है। इसके साथ ही डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल के जरिए आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में भारत ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि भारत का यह विकास मॉडल आज कई देशों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। BRICS जैसे मंच भारत के इन अनुभवों को दुनिया के साथ साझा करने और दूसरे देशों से सीखने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

भारत की वैश्विक स्थिति से राज्यों को भी मिलेंगे नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत होती स्थिति का लाभ देश के राज्यों को भी मिलेगा। निवेश, आधुनिक तकनीक, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। इससे राज्यों की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार करने के साथ आधुनिक तकनीक एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारत को वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता मिलने और 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी का अवसर प्राप्त होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की अध्यक्षता BRICS देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करेगी तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए साझा प्रयासों को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भारत ग्लोबल साउथ की आवाज को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ विश्व में सहयोग, समावेशी विकास और साझा समृद्धि के नए रास्ते खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।