सेवा संकल्प अभियान, कलेक्टर ने दिए समन्वय से काम करने के निर्देश

सेवा संकल्प अभियान के दीपोत्सव की तैयारियों में न हो देरी, कलेक्टर ने दिए समन्वय से काम करने के निर्देश

समय-सीमा बैठक में योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि आयोजन व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न हो।

कलेक्टर ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की फॉलोअप बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और नागरिक सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर करने और मैदानी स्तर पर योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

लोक सेवा गारंटी के मामलों में देरी पर होगी कार्रवाई

बैठक में कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत आने वाले आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का निर्धारित अवधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के बाद भी प्रकरण लंबित पाए जाने पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत जिम्मेदारी तय की जाएगी। स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों के जाति, निवास सहित आवश्यक प्रमाण पत्र तैयार कराने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि यदि किसी आवेदन को अस्वीकार किया जाता है तो आवेदक को निरस्तीकरण का स्पष्ट और उचित कारण बताया जाना चाहिए। सीमांकन से संबंधित आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए भी अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पीएम आवास के लंबित प्रकरण जल्द पूरे करने पर जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों को जल्द पूरा कराने को कहा। उन्होंने हितग्राहियों को बुलाकर योजना की प्रक्रिया और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

अभनपुर एसडीएम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कलेक्टर ने जिले के अन्य एसडीएम को भी इसी तरह सक्रिय और परिणाममुखी कार्यशैली अपनाने को कहा। उन्होंने सभी एसडीएम को आरआरसी वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पीएम किसान सम्मान निधि में कोई प्रकरण लंबित न रहे

पीएम किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र किसानों से संबंधित कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर नियमित प्रगति की निगरानी करने को कहा गया।

रायपुर में तिलापिया मछली पालन के लिए बनेगा क्लस्टर

बैठक में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के संबंध में भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने जिले में तिलापिया मछली पालन को बड़े पैमाने पर विकसित करने के लिए क्लस्टर आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि उत्पादन, प्रशिक्षण, बाजार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को योजनाबद्ध तरीके से जोड़ा जाए तो रायपुर जिले में तिलापिया मछली उत्पादन को नई ऊंचाई दी जा सकती है। अधिकारियों को इस दिशा में व्यवहारिक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी सख्ती

कलेक्टर ने नगर क्षेत्र की नागरिक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी जोनों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और मैदानी अमले की नियमित निगरानी की जाए।

खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण कर समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

योजनाओं की प्रगति पर लगातार निगरानी के निर्देश

कलेक्टर ने सभी विभागों को शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति पर निरंतर नजर रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कार्यालय स्तर पर समीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि मैदानी स्तर पर जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लें।

उन्होंने नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं में तेजी लाने और लंबित मामलों के निराकरण के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।

विभागीय अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।