भविष्य के शहरों की नींव मजबूत करेंगे टाउन प्लानर

 21 नवचयनित टाउन प्लानर, मुख्यमंत्री साय ने सौंपे नियुक्ति पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को व्यवस्थित दिशा देने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरों की योजना तैयार करने के लिए नगर तथा ग्राम निवेश विभाग को नई ताकत मिली है। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

मुख्यमंत्री साय ने नवचयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शहरों का विकास केवल आज की जरूरतों को देखकर नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर दीर्घकालीन योजना तैयार करनी होगी। राज्य गठन के बाद पहली बार एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है। इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को वैज्ञानिक एवं सुनियोजित स्वरूप देने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों के माता-पिता और परिजनों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें योग्य बनाना और फिर जिम्मेदार पद पर प्रदेश एवं जनता की सेवा करते देखना माता-पिता के लिए गौरव का क्षण होता है। इन युवाओं के साथ अब उनके परिवारों की अपेक्षाएं और प्रदेश के विकास की जिम्मेदारी भी जुड़ गई है।

25 साल में 17 नियुक्तियां, पहली बार एक साथ 21 सहायक संचालक

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को बने 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस दौरान नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई, जबकि इस बार एक साथ 21 युवा अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। यह सरकार की उस नीति को दर्शाता है, जिसके तहत विभागों को पर्याप्त मानव संसाधन और विशेषज्ञ क्षमता उपलब्ध कराकर विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शहरीकरण लगातार बढ़ रहा है। गांवों से शहरों की ओर आबादी का विस्तार हो रहा है, नगरों की सीमाएं बढ़ रही हैं और प्रमुख मार्गों के आसपास नई बसाहटें विकसित हो रही हैं। आने वाले समय में यह विस्तार और तेज होने की संभावना है। ऐसे में आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के साथ सड़क, परिवहन, जल निकासी, सार्वजनिक स्थान और अन्य नागरिक सुविधाओं की योजना पहले से तैयार करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउन प्लानिंग का काम केवल नक्शे तैयार करने या भू-उपयोग निर्धारित करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर नागरिकों की जीवनशैली और शहरों के भविष्य पर पड़ता है। बेहतर नियोजन से शहर व्यवस्थित रहते हैं, सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होती है और अनियोजित विकास से पैदा होने वाली समस्याओं को पहले ही रोका जा सकता है।

उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि उनके सामने भविष्य के छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों को बेहतर स्वरूप देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

जनहित, ईमानदारी और पारदर्शिता को बनाएं कार्यशैली का आधार

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को शासकीय सेवा के दायित्व का महत्व समझाते हुए कहा कि सरकार में लिया गया प्रत्येक निर्णय किसी न किसी रूप में आम नागरिक के जीवन को प्रभावित करता है। इसलिए अधिकारियों को अपने कार्यों में ईमानदारी, संवेदनशीलता, निष्ठा और पारदर्शिता को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। नियमों का पालन करते हुए आम लोगों की सुविधा और जनहित को प्राथमिकता देना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने युवा अधिकारियों से तकनीकी शिक्षा, आधुनिक ज्ञान और नवाचार का इस्तेमाल प्रदेश में बेहतर एवं भविष्य उन्मुख नियोजन के लिए करने का आह्वान किया।

2047 के विकसित भारत में छत्तीसगढ़ की भी बड़ी भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में छत्तीसगढ़ की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2047 तक प्रदेश के विकास की दिशा तय करने के लिए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर रू विजन 2047’ तैयार किया है। सरकार का लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जहां आधुनिक अधोसंरचना के साथ बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों, युवाओं के लिए रोजगार एवं विकास के पर्याप्त अवसर हों और विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं किया जा सकता। इसमें प्रशासन, युवा वर्ग और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक तथा शिक्षा विभाग में 3 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। बिजली विभाग में भी 1200 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार के अवसर केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। नई औद्योगिक विकास नीति में रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार देने वाले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया गया है। रोजगार मेलों, निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

पारदर्शी तरीके से मिली नौकरी, अब जनता को भी मिले पारदर्शी व्यवस्था : ओपी चौधरी

वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सुनियोजित शहरीकरण की अहम भूमिका होगी। आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के साथ शहरों और शहरी आबादी का बढ़ना स्वाभाविक है। इसलिए भविष्य की जरूरतों का आकलन करते हुए आधुनिक और वैज्ञानिक टाउन प्लानिंग पर विशेष ध्यान देना होगा।

चौधरी ने कहा कि पहले नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक बार में तीन-चार सहायक संचालकों की नियुक्ति होती थी, लेकिन इस बार एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इससे विभाग की प्रोफेशनल क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और प्रदेश के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नवचयनित अधिकारियों की भर्ती पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हुई है। अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपनी कार्यशैली में भी इसी पारदर्शिता और ईमानदारी को बनाए रखें। नक्शा स्वीकृति सहित किसी भी काम के लिए कार्यालय आने वाले नागरिक को व्यवस्था में सरलता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता का अनुभव होना चाहिए।

नई पीढ़ी के अधिकारियों की ऊर्जा से तेज होगा विकास : केदार कश्यप

वन मंत्री केदार कश्यप ने नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति प्रदेश के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नई पीढ़ी के अधिकारियों का आधुनिक ज्ञान, ऊर्जा और नया दृष्टिकोण विभाग के कामकाज को और प्रभावी बनाएगा।

कश्यप ने विश्वास जताया कि सभी नवचयनित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।