कृष्ण राम महापात्र ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली
राज्यपाल रमेन डेका ने दिलाई शपथ, राष्ट्रपति के वारंट की प्रति भी सौंपी; लोकभवन में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण समारोह
रायपुर। न्यायाधिपति कृष्ण राम महापात्र ने सोमवार को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने मुख्य न्यायाधीश महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र इससे पहले उड़ीसा हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण करने के साथ ही उनके सामने न्यायिक प्रशासन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी।
मुख्यमंत्री सहित कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
हाईकोर्ट के न्यायाधीश और वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे
समारोह में मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र की धर्मपत्नी अनिता महापात्र तथा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण मौजूद रहे। इसके अलावा राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी और हाईकोर्ट के अधिवक्ता भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह का संचालन मुख्य सचिव विकास शील ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी मुख्य न्यायाधीश के नियुक्ति संबंधी वारंट का वाचन किया।
इस दौरान अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा और उच्च न्यायालय बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
