दिल्ली बिल्डिंग हादसे में दुर्ग के 20 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार रवाना
मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम सेकंड ईयर में था युवराज, सत्य निकेतन के बॉयज पीजी में रहकर कर रहा था पढ़ाई
दुर्ग/दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए पांच मंजिला इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी 20 वर्षीय छात्र युवराज की भी मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था और पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रहा था। हादसे की खबर मिलते ही उसके परिजन दुर्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
पांच मंजिला इमारत ढहने से मची अफरा-तफरी
6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। अब तक सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू डॉग और कैमरों की मदद ली जा रही है। बचाव दल लगातार मलबे की जांच कर संभावित रूप से फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
छुट्टियों में दुर्ग आया था युवराज
युवराज मूल रूप से दुर्ग का रहने वाला था और दिल्ली में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहा था। उसके परिचित आदित्य के मुताबिक कॉलेज में छुट्टियां होने के कारण युवराज पिछले महीने दुर्ग स्थित अपने घर आया था। छुट्टियां समाप्त होने के बाद वह करीब तीन दिन पहले ही वापस दिल्ली लौटा था।
वह सत्य निकेतन स्थित बॉयज पीजी में रह रहा था। दिल्ली लौटने के कुछ ही दिनों बाद हुए इस हादसे में उसकी जान चली गई।
परिजन दिल्ली के लिए रवाना
हादसे की जानकारी मिलने के बाद युवराज के परिवार में मातम छा गया। रविवार को ही उसके परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। युवराज की मौत की खबर से उसके दोस्तों, कॉलेज के परिचितों और दुर्ग में रहने वाले लोगों में भी शोक का माहौल है।
फिलहाल प्रशासन और राहत-बचाव दल की ओर से मलबा हटाने का काम जारी है। हादसे में इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण या सुरक्षा से जुड़े नियमों की कहीं अनदेखी तो नहीं हुई।
