तकनीकी खराबी ने रोकी इंडिगो की उड़ान, जबलपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों ने जताई नाराजगी
Indigo aircraft. View of aero plane at the international airport located at Mumbai India. Indigo Airlines, Airbus A320 parked at the Airport. Travel photo, editorial-Mar 23,2024
45 यात्रियों को लेकर इंदौर रवाना होनी थी फ्लाइट, अचानक कैंसिल होने से बिगड़ा यात्रा कार्यक्रम
जबलपुर। हैदराबाद से जबलपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण इंदौर के लिए उड़ान नहीं भर सकी। विमान में गड़बड़ी सामने आने के बाद फ्लाइट को अचानक रद्द करना पड़ा। इसकी सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली।
इंडिगो की फ्लाइट 6E7315 सोमवार सुबह हैदराबाद से जबलपुर पहुंची थी। यहां से विमान को 45 यात्रियों के साथ इंदौर के लिए रवाना होना था। हालांकि, उड़ान से पहले विमान में तकनीकी समस्या सामने आ गई। इसके चलते एयरलाइन को फ्लाइट कैंसिल करने का निर्णय लेना पड़ा। यात्रियों के अनुसार, उन्हें उड़ान रद्द किए जाने की जानकारी अचानक दी गई।
जरूरी काम से इंदौर जा रहे थे यात्री
फ्लाइट रद्द होने से कई यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित हुई। यात्रियों का कहना था कि वे जरूरी काम के सिलसिले में इंदौर जा रहे थे और उन्होंने उसी हिसाब से अपना कार्यक्रम तय किया था। अचानक उड़ान रद्द होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट पर कुछ यात्रियों ने इस व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई और एयरलाइन से जल्द वैकल्पिक इंतजाम करने की मांग की।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक रूट की व्यवस्था
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरलाइन अधिकारियों ने उन्हें वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। कई यात्रियों को कनेक्टिंग रूट के माध्यम से इंदौर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
वहीं, कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा की तारीख या समय को आगे के लिए रीशेड्यूल कराया, जबकि कुछ ने टिकट कैंसिल कराकर दूसरा विकल्प चुना। फ्लाइट रद्द होने के कारण यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा और जरूरी कार्यक्रमों में भी बदलाव करना पड़ा।
