पंजाब प्रभारी पद से हटाए जाने पर सियासी घमासान, साय और भूपेश आमने-सामने
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस के पंजाब प्रभारी पद से हटाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर गुटबाजी और ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाने का आरोप लगाया। इसके जवाब में भूपेश बघेल ने भाजपा पर पलटवार करते हुए उसे ‘काले अंग्रेजों’ की संज्ञा दी और कहा कि भाजपा ने अंग्रेजों से ही ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति सीखी है।
साय बोले- पंजाब में विरोध के बाद बदला गया प्रभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भूपेश बघेल का पंजाब प्रभारी पद बदले जाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों की तर्ज पर ‘फूट डालो और राज करो’ की राजनीति करती है। कांग्रेस के नेता जहां भी जाते हैं, वहां गुटबाजी देखने को मिलती है।
साय ने कहा कि पंजाब में भी भूपेश बघेल के खिलाफ विरोध के स्वर उठे और उनके खिलाफ ‘गो बैक’ के नारे लगाए गए। उनके मुताबिक, इसी राजनीतिक परिस्थितियों का परिणाम रहा कि बघेल को पंजाब के प्रभारी पद से हटा दिया गया।
भूपेश का पलटवार- भाजपा के पास कहने को कुछ नहीं
मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के पास अब कहने के लिए कुछ नहीं बचा है। बघेल ने भाजपा के लिए ‘काले अंग्रेज’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए आरोप लगाया कि समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अंग्रेजों से ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति सीखी है। उनके अनुसार, हिंदू-मुसलमान के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने आदिवासी समाज को भी अलग-अलग पहचान के नाम पर बांटने का आरोप लगाया।
बोले- भाजपा में भी बदलते रहे हैं प्रभारी
पंजाब का प्रभार बदले जाने के सवाल पर भूपेश बघेल ने भाजपा की संगठनात्मक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा में भी समय-समय पर प्रभारी बदले जाते रहे हैं। उन्होंने अलग-अलग समय में पार्टी के प्रभारी रहे नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं है।
ये बयान दुर्ग में आयोजित कांग्रेस के तीन दिवसीय संगठन प्रशिक्षण शिविर के दौरान सामने आए। शिविर में पार्टी के संगठनात्मक मुद्दों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा हो रही है।
दीपक बैज ने भी भाजपा पर साधा निशाना
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी इस मुद्दे पर भाजपा को घेरा। उन्होंने भाजपा पर अंग्रेजों से माफी मांगने और नाथूराम गोडसे की विचारधारा को मानने का आरोप लगाया। बैज ने कहा कि अंग्रेजों की राजनीति ‘फूट डालो और राज करो’ पर आधारित थी और भाजपा भी इसी तरह की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का उद्देश्य समाज और देश को जोड़ना है। पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की दिशा में काम करती है।
