महापौर के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो पर FIR, पुलिस जुटी आरोपी की पहचान में

रायपुर। नगर निगम की महापौर मीनल चौबे के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने FIR दर्ज की है। मामला बारिश के बाद शहर में जलभराव और सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दों पर बनाए गए एक वीडियो से जुड़ा है। वीडियो में महापौर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप है।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद भाजपा पार्षद दल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर वीडियो की जांच शुरू कर दी है।

जलभराव और सड़क के मुद्दे पर बनाया गया था वीडियो

जानकारी के अनुसार, बारिश के बाद रायपुर के कई इलाकों में जलभराव और सड़कों की स्थिति को लेकर युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाया था। इसी दौरान महापौर मीनल चौबे को लेकर कथित रूप से गाली-गलौज और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और भाजपा पार्षद दल ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस खंगाल रही वीडियो का स्रोत

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो को जांच के दायरे में लेते हुए उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो के स्रोत, उसे अपलोड करने वाले व्यक्ति और उसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल आरोपी की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।